ग्रामीण की बहादुरी से बची महिला की जान सरयू नहर में कूदकर आत्महत्या का प्रयास, समय रहते मिली मदद

श्रावस्ती। जनपद श्रावस्ती के थाना इकौना क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला ने सरयू नहर में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि, एक ग्रामीण की तत्परता और साहस से उसकी जान बच गई। मिली जानकारी के अनुसार, बहराइच जनपद के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के खरगौरा जनूब निवासी मैना वती (30 वर्ष) पत्नी राम बरन पारिवारिक कलह से व्यथित होकर ई-रिक्शा से भलुहिया दसौधी स्थित सरयू नहर तक पहुंची और अचानक नहर में छलांग लगा दी। उसी समय मौके पर मौजूद गांव भलुहिया दसौधी धोभहा निवासी उमेश पुत्र चिंगी ने बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी और डूबती महिला को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया। उनकी इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर पहुँची 112 पुलिस टीम ने घायल महिला को इकौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहाँ चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सुरक्षित बताया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने उमेश की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनके साहसिक कदम से एक अमूल्य जीवन बच गया।




