इकौना में धूमधाम से मना दशहरा, रावण दहन देख उमड़ा जनसैलाब

श्रावस्ती। इकौना में बृहस्पति वार को विजयादशमी का पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। रामलीला कमेटी की ओर से दशहरा मैदान में असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक रावण दहन किया गया। इस अवसर पर नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल रहा।
रामलीला मंचन के बाद भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध की लीला प्रस्तुत की गई, जिसे देखने के लिए नगर के कोने-कोने से लोग पहुंचे। जैसे ही भगवान राम ने रावण का वध किया, दशहरा मैदान तालियों और जयकारों से गूंज उठा। रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन होते ही लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और सत्य, धर्म और न्याय की जीत का संदेश दोहराया।
नगर में प्रशासनिक व्यवस्थाएं सख्त और पूरी तरह चाक-चौबंद रहीं। हर चौराहे पर पुलिस बल तैनात रहा और दशहरा मैदान के भीतर-बाहर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की व्यवस्था की गई। सुरक्षा की दृष्टि से यातायात व्यवस्था भी नियंत्रित की गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रामलीला कमेटी, नगर पंचायत और प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने बड़े उत्साह से पर्व में भाग लिया और मेले का आनंद उठाया।
अंत में रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने नगरवासियों से अपील की कि वे दशहरा पर्व के संदेश— असत्य पर सत्य, अन्याय पर न्याय और अधर्म पर धर्म की विजय— को अपने जीवन में आत्मसात करें।



