और शिवांगी बन गई बीईओ

सिद्धार्थनगर। मिठवल ब्लाक के अन्तर्गत संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय बाजारडीह की मेधावी छात्रा कुमारी शिवांगी मौर्या को एक दिन के लिए खंड शिक्षा अधिकारी बनाकर सभी बेटियों को पढ़ने और बढ़ने हेतु अभिप्रेरित किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी मिठवल धर्मेन्द्र कुमार पाल ने शिवांगी को मिशन शक्ति के अन्तर्गत अपनी कुर्सी पर बैठाकर सम्मानित करते हुए कहा कि पढ़-लिखकर सभी बेटियाँ अपने परिवार,समाज और देश का नाम रोशन कर सकती हैं। मिशन शक्ति का उद्देश्य बेटियों और महिलाओं में सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता विकसित करना है। इसी क्रम में सदर ब्लाक के कंपोजिट स्कूल लमतिहवा में अध्ययनरत कक्षा 8 की छात्रा गीतिका को एक दिन के लिए प्रधानाध्यापक पद का दायित्व दिया गया। झंडेनगर, नौगढ़, कृष्णानगर,लुचुइया तथा सनई खुर्द आदि अन्य विद्यालयों में भी मिशन शक्ति के अन्तर्गत छात्राओं को विभिन्न ज़िम्मेदारियां सौंपकर मिशन शक्ति के प्रति जागरूक किया गया।




