आयकर की टीम द्वारा उपनिबंधन कार्यालय पर कसा गया जबरदस्त शिकंजा

महराजगंज। जनपद में आयकर विभाग की क्राइम इन्वेस्टिगेशन टीम ने बुधवार सुबह अचानक उपनिबंधन कार्यालय पर छापा मारकर तहलका मचा दिया। टीम फर्जी पैन कार्ड के जरिए की गई जमीन की रजिस्ट्री की जांच कर रही है। बनारस, गोरखपुर और लखनऊ से पहुंची आठ से दस सदस्यीय टीम ने हाल के वर्षों में हुई रजिस्ट्री का बारीकी से परीक्षण शुरू किया है। बताया जा रहा है कि कई मामलों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग ने गोरखपुर के उपनिबंधन कार्यालय में भी इसी तरह की जांच की थी, जिसमें बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। विभागीय रिकॉर्ड से खुलासा हुआ कि वित्तीय वर्ष 2022-23, 2023-24 और 2025 में बड़ी संख्या में रजिस्ट्री गलत पैन नंबर पर दर्ज की गई थीं।इनमें से लगभग 75 रजिस्ट्री की सूची तैयार की गई है, जिनमें डेढ़ करोड़ से लेकर छह करोड़ रुपये तक की जमीन की खरीदारी दर्ज है। माना जा रहा है कि महराजगंज में भी इसी तरह का बड़ा खेल सामने आ सकता है। आयकर विभाग की इस कार्रवाई से रजिस्ट्री माफियाओं में हड़कंप मच गया है। वहीं, आम लोगों में यह सवाल उठ रहा है कि उपनिबंधन कार्यालय की निगरानी व्यवस्था के बावजूद इतनी बड़ी गड़बड़ी कैसे हो गई।




