पुलिस के लिए चुनौती बनी चोरी की घटना से लोगों में दहशत

उसका बाजार/सिद्धार्थाथनगर। थाना क्षेत्र के गांव से लेकर कस्बे तक इन दिनों चोरों का गिरोह सक्रिय है,जबकि मुस्तैदी का दावा करने वाली पुलिस इन चोरों के गिरोह को पकड़ने में असफल है। पुलिस की सुस्ती का खामियाजा आम जनता को उठाना पड़ रहा है। उसका थाना क्षेत्र के परसा शुकुरुल्लाह,मरवटिया माफी, दुर्गाजोत और फिर बुधवार की रात परसा शुकुरुल्लाह के रघुवर प्रसाद के घर में रात में हुई चोरी की घटना से लोगों को डर सताने लगा है।चोरी की इस वारदात में जेवरात और नगदी मिलाकर लगभग दस लाख की चोरी हुई है।चोरी की घटनाओं को आसानी से अंजाम देकर चोरों का गिरोह साफ बचकर निकल जा रहे हैं।एक सप्ताह के भीतर चोरी की इतनी घटनाओं को लेकर पुलिस की सक्रियता व रात के गश्त पर भी सवालिया निशान लगने लगे हैं।चोरों का यह गिरोह इतना चालाक व शातिर है कि घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की रेंज में भी नहीं आते हैं। यहां हुई चोरी की घटना-परसा शुकुरुल्लाह के प्रधान के घर बुधवार की रात चोरी की बड़ी घटना घटित हुई है। पीड़ित रघुवर प्रसाद ने बताया कि गांव में उनका दो तल का मकान है इसमें घर के लोग खाना खाकर सो गए थे, इसी बीच चोरों ने शटर का ताला तोड़ दिया और घर में घुसकर बक्से का भी कुंडा तोड़ उसमें रखा लगभग दस लाख का नगदी और जेवरात चुरा लिया। इसकी सूचना इन्होंने उसका पुलिस को दी,सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाया।इसी गांव में पिछले सप्ताह भी चोरी की घटना हुई थी इसमें भी चोरों को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही है। इस संबंध में थाना प्रभारी हरेकृष्ण उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिली है,जांच किया जा रहा हैजल्द ही घटना का पर्दाफाश होगा।




