देर रात बारिश शुरू, धान और गन्ना की फसलों को मिलेगी नई जान, किसानों ने ली राहत की सांस

खेसरहा/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड खेसरहा में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 2 बजे से झमाझम बारिश हो रही है। कई दिनों से क्षेत्र में सूखे जैसी स्थिति थी। खेतों में धूल उड़ रही थी। धान की फसल पानी को तरस रही थी। बारिश का असर बेलवा लगुनही, बेलौहा बाजार, सेखुइ और मूजडीह में दिखा। बनकेगांव, टिकुलिया, गोसियारी, महुलानी, सकारपार और पेंडारी में भी बारिश हुई। खेतों में नमी बढ़ने से धान, गन्ना और खरीफ फसलों को फायदा होगा। गोसियारी गांव के किसान रामलाल यादव ने कहा कि धान की फसल मुरझा रही थी। अब बारिश से फसल में नई जान आयेगी। बेलवा लगुनही के किसान शिवकुमार ने बताया कि वे लम्बे समय से बारिश का इंतजार कर रहे थे। खेतों में पानी भरने से उनकी मेहनत सफल होगी। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक बारिश का आनन्द ले रहे हैं। खेत-खलिहान में बहता पानी और भीगे रास्तों ने गांव के माहौल को खुशनुमा बना दिया है। खेसरहा ब्लॉक के किसानों का कहना है कि अगर ऐसी ही बारिश होती रही तो इस साल अच्छी पैदावार होगी।




