चौखड़ा गांव में एक ही रात पाँच घरों में चोरी, क्षेत्र में दहशत का माहौल

भनवापुर/सिद्धार्थनगर। इटवा थाना क्षेत्र के चौखड़ा गांव में बीती रात चोरों ने तांडव मचाते हुए एक साथ पाँच घरों को निशाना बनाया। लगातार डुमरियागंज और त्रिलोकपुर थाना क्षेत्रों में हो रही चोरी की घटनाओं के बीच चौखड़ा गांव में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, चोर सबसे पहले राजू उर्फ मोहम्मद अहसान के घर में घुसे। वहां से उन्होंने तीन जोड़ी पायल और 26 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ किया। इसके बाद चोरों ने अब्दुल आखिर के घर को निशाना बनाया, जहां से करीब पाँच कीमती जेवरात समेत लगभग तीन लाख रुपये का सामान चोरी होने की बात सामने आई है। अब्दुल हयी के घर से सोने का झाला, तीन जोड़ी पायल और पाँच हजार रुपये नगद चोरी होने की पुष्टि हुई है। वहीं गांव की सावित्री के घर से भी चोर जेवर और नगदी लेकर फरार हो गए। इसके अलावा शिवपूजन के घर में चोर पीछे से दाखिल हुए और कीमती सामान उड़ा ले गए। सभी पीड़ित परिवारों को घटना की जानकारी सुबह करीब चार बजे हुई, जब घर के लोग नींद से जागे।ग्रामीणों में भय और आक्रोश लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने ग्रामीणों का जीना दूभर कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि डुमरियागंज, त्रिलोकपुर और अब इटवा क्षेत्र में चोरी की घटनाओं की श्रृंखला से ऐसा लग रहा है कि सक्रिय गिरोह लगातार गांवों को निशाना बना रहा है। इससे न सिर्फ भय का माहौल है, बल्कि लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस गश्त न के बराबर है और इसी कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय रहते कदम नहीं उठाती है तो चोर और बड़े स्तर पर वारदात कर सकते हैं।पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलिस को चाहिए कि रात में गश्त बढ़ाई जाए और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा किया जाए, जिससे क्षेत्र में फैली दहशत कम हो सके।



