विश्व हिन्दू परिषद मना रहा है अपना 61वां स्थापना दिवस

चिल्हियां/सिद्धार्थनगर। विश्व हिन्दू परिषद अपना 61वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर देश भर में विभिन्न कार्यक्रम और समारोह आयोजित किये जा रहे हैं। इसी क्रम में बुद्धवार को शोहरतगढ़ प्रखण्ड के गौर बाजार इकाई के गौरा बाजार में विहिप का स्थापना दिवस रविन्द्र मिश्र की अध्यक्षता में मनाया गया। मुख्य वक्ता जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय ने अपने सम्बोधन में कहा कि विश्व हिन्दू परिषद की स्थापना 27 अगस्त 1964 को जन्माष्टमी के शुभ दिन पर हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य हिन्दू धर्म, संस्कृति और मूल्यों की रक्षा और संवर्धन करना है। विश्व हिन्दू परिषद के संस्थापक स्वामी चिन्मयानन्द सरस्वती और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्कालीन सरसंघचालक माधव सदाशिव गोलवलकर थे। उन्होंने कहा कि हम सभी को एक होने की जरूरत है, हमे सभी प्रकार के भेदभाव मिटाकर एक होना है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में देश भर में विश्व हिन्दू परिषद पूरे भारत में कई धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर रहा हैं। इनमें शोभा यात्राएं, रक्तदान शिविर, और गरीबों के लिए भोजन वितरण कार्यक्रम आदि शामिल हैं। विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता और समर्थक इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि विश्व हिन्दू परिषद ने पिछले छह दशकों में कई महत्वपूर्ण कार्यों को अंजाम दिया है। इनमें अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, गौ रक्षा अभियान और हिन्दू परिवारों के बीच धार्मिक जागरूकता बढ़ाना शामिल है। विश्व हिन्दू परिषद ने विदेशों में भी हिन्दू धर्म और संस्कृति के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विश्व हिन्दू परिषद का दावा है, दुनिया भर में हिन्दू समाज को एक मंच पर लाने का काम कर रहा है। संगठन का मानना है कि हिन्दू धर्म केवल एक पंथ नहीं, बल्कि एक जीवन शैली है, जो सभी को साथ लेकर चलती है। आज के इस पावन अवसर पर, विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों ने सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और हिन्दू धर्म के सिद्धान्तों पर चलने का आह्वान किया। स्थापना दिवस में मुख्य रूप से जिला सहमंत्री जय प्रकाश, जिला सह संयोजक बजरंग दल विश्वास उपाध्याय, सिंह, गोरक्षा प्रमुख राकेश मिश्रा, नगर अध्यक्ष बर्डपुर अर्जुन मद्धेशिया, नगर मंत्री आकाश मोदनवाल, विपिन मोदनवाल, करण, नगर मंत्री विपुल, आशीष सिंह, विशाल यादव, विराट यादव, पंकज चौधरी, मनीष जायसवाल अनुज पटेल, गोपाल चौधरी , राजन आदि लोग शामिल रहें।




