गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

एसएसबी और पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई, 10.93 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र ढेबरुआ में भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने एक बड़े ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। टीम ने उसके पास से 10.93 ग्राम हेरोइन बरामद की है। यह गिरफ्तारी रविवार सुबह हृदयनगर मोड़ के पास गश्त के दौरान हुई। क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़़ पवीन प्रकाश ने बताया कि रविवार की सुबह 6 बजे एसएसबी की 50वीं बटालियन के जवान पिलर संख्या 568 के पास गश्त कर रहे थे, तभी बढ़नी चौकी की पुलिस टीम भी वहां पहुंची। इसी दौरान उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पैदल बलरामपुर की ओर से हेरोइन लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही दोनों टीमों ने मिलकर हृदयनगर मोड़ के पास घेराबन्दी की। कुछ देर बाद एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखा, जिसे जवानों ने रोककर तलाशी ली। उसके दाहिने जेब में एक काली पन्नी में छिपाकर रखी गई 10.93 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रमेश चौहान उर्फ विजय पुत्र रामबरन चौहान, निवासी बढ़नी कस्बा, वार्ड नं0-03 लोहिया नगर के रूप में बताया। उसने खुलासा किया कि वह यह हेरोइन बलरामपुर जिले के पोखरवा विशुनापुर निवासी दद्दन पासवान उर्फ काने से खरीदता था और इसे नेपाल में बेचता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले कई महीनों से इस अवैध कारोबार में लिप्त था। गिरफ्तार व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय भेजा जा रहा है। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में चौकी प्रभारी अनिरुद्ध सिंह, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र प्रताप, मनीष चौधरी, अदनान शेख, एसएसबी के इंस्पेक्टर उत्तम विश्वास, नेमाडे पंकज प्रह्लाद, उलवप्पा तलवार और गौरीशंकर राव शामिल रहें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!