जिले में सपा का महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन

सिद्धार्थनगर। मुख्यालय में महंगाई, बिजली दर वृद्धि, खाद की किल्लत और बढ़ते अपराध के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय की अगुवाई में लगभग दो हजार कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर जुटे और राज्यपाल को सम्बोधित 12 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य इन्द्रासना त्रिपाठी भीड़ में धक्का को लेकर भड़क गई। इन्द्रासना लोगों फटकार लगाने लगी। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय के समझाने पर बवाल खत्म हुआ। सपा नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ाने में लगी है। ज्ञापन में कहा गया कि जिले में किसान खाद के लिए परेशान हैं, घन्टों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। खाद वितरण में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया। नेताओं ने प्रदेश में बढ़ती डकैती, लूट और बलात्कार की घटनाओं पर चिन्ता जाहिर की और कहा कि अपराधियों के बढ़े हौसलों से आम जनता डरी हुई है। बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी को जनविरोधी बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की गई। तहसीलों में वरासत कार्य में अवैध वसूली, जल जीवन मिशन में सड़क खुदाई के बाद मरम्मत न होने, बीज वितरण में घोटाले और पुलिस थानों में फर्जी मुकदमों के जरिये धन उगाही जैसे मुद्दे उठाये गयें। नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द कदम नहीं उठाए तो सपा सड़क से सदन तक आन्दोलन करेगी। प्रदर्शन शान्तिपूर्वक रहा। वहीं अन्त में अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन समाप्त किया गया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के समस्त जिले के लगभग सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहें।




