एनजीओ ने एसएसबी जवानों को बांधी राखी, सुरक्षित प्रदेश-समृद्ध पर्यटन का दिया सन्देश

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर में गैर सरकारी संस्था लक्ष्य और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक अनोखा रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। बुधवार को शोहरतगढ़़ के खुनुवां एसएसबी कैम्प के प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ष्सुरक्षित प्रदेश समृद्ध पर्यटनष् की भावना को जनमानस तक पहुंचाना था। कार्यक्रम में लाभार्थी महिलाओं ने हस्तनिर्मित राखियां सीमा प्रहरियों की कलाई पर बांधकर उन्हें धन्यवाद दिया। इस अवसर पर यह सन्देश भी दिया गया कि सुरक्षा बलों की निगरानी में उत्तर प्रदेश, विशेषकर सिद्धार्थनगर पर्यटन के लिए पूर्णतः सुरक्षित है। लक्ष्य संस्था के प्रतिनिधि संदीप उपाध्याय ने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ग्रामीण पर्यटन के विकास में नये आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही संस्था द्वारा सीमावर्ती गांवों में होस्टे की सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेगी। इससे अधिक पर्यटक बुद्ध की गौरवशाली विरासत देखने आ सकेंगे। जिला समन्वयक अविनाश मिश्र ने कार्यक्रम में कहा कि सुरक्षा बलों की निगरानी में सिद्धार्थनगर और सम्पूर्ण बौद्ध सर्किट पूर्णतः सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण पर्यटन विकास कार्यक्रम के लाभार्थी अपने क्षेत्र में पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पर्यटकों को परिवार सहित आने और बुद्ध के इतिहास के साथ-साथ ग्रामीण परिवेश की सुखद अनुभूति का आनन्द लेने का आमन्त्रण दिया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान संजय कुमार, ग्राम समन्वयक पूजा भारती और नीलम सहित कई महिला साथियों ने भी सक्रिय भागीदारी की। सभी ने पर्यटकों को क्षेत्र भ्रमण के लिए आमन्त्रित किया।



