नेपाल के पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, भारत-नेपाल के सम्बन्धों हुई चर्चा

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के पूर्व सांसद एवं नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक प्रताप शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित कार्यालय उनके में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारत-नेपाल के सम्बन्धों, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और अपने गृह जिले कपिलवस्तु सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। नेपाल के सीमावर्ती कपिलवस्तु जिले के पूर्व सांसद अभिषेक प्रताप शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से रविवार को मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्नेह के साथ भगवान पशुपति नाथ का चित्र भेंट किया। दोनों नेताओं के बीच चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने भारत और नेपाल की साझी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावना पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और अगर इसे व्यवस्थित किया जा सके, तो यह नेपाल की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि नेपाल के प्रति उनकी व्यक्तिगत आस्था और लगाव है। उन्होंने जल्द ही नेपाल भ्रमण की इच्छा जताई। कहा कि वे काठमाण्डू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करने की तैयारी कर रहे हैं। पूर्व सांसद अभिषेक प्रताप शाह ने कपिलवस्तु जिला सहित सीमावर्ती क्षेत्रों की समृद्धि के लिए दोनों देशों के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने भारत सरकार से इन क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे, पर्यटन और व्यापार विस्तार कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने का भी आग्रह किया।




