बिस्कोहर में सड़क निर्माण में लोगों ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

बिस्कोहर/सिद्धार्थनगर। जिले के बिस्कोहर नगर पंचायत के पश्चिम टोले में सड़क निर्माण में कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो वायरल कर जिलाधिकारी से जांच की मांग की है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर पंचायत द्वारा सड़क निर्माण में अनियमितताएं की जा रही हैं। पुरानी सड़कों पर केवल थोड़ी सी गिट्टी डालकर उन्हें नई सड़कों के रूप में दिखाया जा रहा है। इससे सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। पश्चिम टोला के निवासी राजा अंसारी ने बताया कि यहां सिर्फ दिखावा अधिक और काम कम होता है। उन्होंने कहा कि आये दिन नगर पंचायत के कारनामों की पोल खुल रही है। कुछ दिन पूर्व नगर पंचायत में बना नाला गिर गया था। उसमें लाल बालू के स्थान पर सफेद बालू का अधिक प्रयोग किया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार विकास कार्यों पर लाखों रुपए खर्च कर रही है। लेकिन नगर पंचायत की अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी इन कार्यों का उचित निरीक्षण नहीं कर रहे हैं। जिससे भ्रष्टाचार पनप रहा है। इस मामले पर नगर पंचायत अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि बिस्कोहर पश्चिम टोले की जांच की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जो कमी है उसे सुधारा जायेगा।



