सपा में शामिल लोगों से पार्टी को मजबूती मिलेगी – राम प्रसाद चौधरी

बांसी/सिद्धार्थनगर। समाजवादी पार्टी नगर कार्यालय पर शनिवार की शाम बहुजन समाज पार्टी छोड़कर आये नौ पदाधिकारियों ने पूर्व नगर पालिका परिषद बांसी के अध्यक्ष व सपा जिला उपाध्यक्ष मो इदरीश पटवारी राईनी की अगुवाई में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया। सपा में शामिल हुए सभी नेताओं को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद बस्ती राम प्रसाद चौधरी ने माला पहनाकर स्वागत किया और बधाई दिया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांसद राम प्रसाद चौधरी ने कहा कि पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों का हम सब बहुत-बहुत स्वागत करते है और आप सब को बधाई देता हूँ। उन्होंने कहा कि आप सब के पार्टी में शामिल होने से बांसी विधानसभा में पार्टी मजबूत हुई है। आज बांसी ही नहीं पूरे प्रदेश में अन्य दलों को छोड़कर लोग सपा में शामिल हो रहे हैं, जिससे स्पष्ट हो रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनायेगी। पूर्व नपा अध्यक्ष मो0 इदरीश पटवारी ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालो को बधाई दिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ पार्टी कार्यकर्ताओं ने सांसद राम प्रसाद चौधरी को माला पहनाकर किया। बसपा छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालो में पूर्व जिला सचिव मो0 कैफ, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष अमर पाल साहनी, अशोक गौतम, राम प्रकाश गौतम, आशीष गौतम, राजू भारती, राज भारती, सन्तोष गौतम, संजय गौतम, विकाश गौतम शामिल है।



