विधायक ने श्रावण मास में नॉन-वेज दुकानों को बन्द करने हेतु डीएम व एसपी को अनुरोध के साथ लिखा पत्र

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। लोकप्रिय विधायक विनय वर्मा ने श्रावण मास में शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में नॉन-वेज दुकानों को बन्द करने हेतु डीएम व एसपी को अनुरोध किया। विधायक ने बताया कि 11 जुलाई दिन शुक्रवार को श्रावण मास शुरू हो रहा है। हिन्दू धर्म में यह महीना अत्यन्त पवित्र माना जाता है। लोग पूरे महीने प्रभु शिव की आराधना करते हैं और लाखों, करोड़ों की संख्या में लोग कावंड लेकर यात्रा पर जाते हैं। इस माह में सनातन परम्परा से जुड़े लोग मांसाहार का त्याग करते हैं और धार्मिक अनुष्ठानों में संलग्न रहते हैं। उन्होंने बताया कि शोहरतगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र, बढ़नी नगर पंचायत क्षेत्र में शासन प्रशासन से बार-बार अनुरोध के बावजूद नॉन वेज की दुकानों को बन्द करने का कोई निर्णय नहीं किया गया। जबकि इस सम्बन्ध में स्थानीय लोगों द्वारा कई बार जिलाधिकारी, एसपी, एसडीएम और सीओ सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया गया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई और मामले को सभी अधिकारी एक दूसरे पर टाल देते हैं। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से पैसे का लेनदेन करके कई दुकानों को खुला रखा जाता है। जबकि कुछ दुकानें दिखावटी तौर पर बन्द कर दी जाती हैं। इसलिए विधायक विनय वर्मा ने डीएम व एसपी से क्षेत्र की जनता की तरफ से अनुरोध करते हुए श्रावण मास के दौरान शोहरतगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र, बढ़नी नगर पंचायत और पूरे शोहरतगढ़ विधानसभा में नॉन-वेज दुकानों को श्रावण मास में बन्द रखने का आदेश जारी किया जायें। इन दुकानों के खुले रहने से स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं, जिससे सामाजिक सद्भाव पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। यदि इस विषय पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई और जनभावनायें भड़कती हैं, तो इसका समस्त दायित्व जिला प्रशासन का होगा। विधायक ने डीएम व एसपी को एक साथ यह पत्र लिखते हुए बिना टालमटोल के समन्वय के साथ जनभावना के अनुरूप तुरन्त कार्रवाई हो सकें। वहीं मुख्यमंत्री जी का स्पष्ट निर्देश भी है कि श्रावण माह में नॉन वेज की दुकानें बन्द होना चाहिए और किसी भी तरह से श्रद्धालुओं की भावना आहत न हो। आशा के साथ विधायक ने डीएम व एसपी उक्त संवेदनशील मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई करेंगे।




