सिद्धार्थनगर में बीएसए कार्यालय पर शिक्षकों का धरना आज

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की शीर्ष स्तर पर हुई बैठक में लिए चरणबद्ध आन्दोलन की कड़ी में रविवार को जिले के चार हजार शिक्षकों ने परिषदीय विद्यालयों के विलय पर रोष व्यक्त किया। स्कूलों के विलय के विरोध में एक्स पर हैशटैग अभियान चलाया। अब संगठन की ओर से मंगलवार को बीएसए कार्यालय पर धरना देंगे।जिलाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी ने कहा कि कम छात्र संख्या के आधार पर विद्यालयों को बन्द करके अन्य विद्यालय में विलय करना, सबको समान शिक्षा के अधिकार अधिनियम का उल्लंघन है। इसके विरोध में प्रान्तीय नेतृत्व ने व्यापक आन्दोलन की रूपरेखा तय की है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने वाला है। यह फैसला शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की बजाय उसे और कमजोर करेगा। इस फैसले के विरोध में रविवार को ट्विटर (एक्स) पर हैशटैग अभियान चलाया गया। साथ ही 08 जुलाई को बीएसए कार्यालय पर धरना दिया जायेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा जायेगा।




