पारिवारिक विवाद में दादा की पीटकर की हत्या, दो पोते गिरफ्तार

मिश्रौलिया/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र मिश्रौलिया के बनकटा पश्चिम गांव में सोमवार रात पारिवारिक विवाद में पोतों ने लाठी-डण्डों से पीट-पीटकर अपने ही दादा रामकरन यादव (65) की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में तीनों पर केस दर्ज कर आरोपित दो पोतों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि तीसरे की तलाश की जा रही है। क्षेत्र के बनकटा पश्चिम गांव निवासी मृतक रामकरन यादव के सात बेटे हैं और सभी अलग-अलग रहते हैं। परिवार के बीच आए दिन घरेलू मसलों को लेकर विवाद चला आ रहा था। सोमवार की रात करीब आठ बजे मृतक के छोटे बेटे वीरेंद्र कुमार यादव का अपने बड़े भाई शिव कुमार के बेटों आकाश, विकास और दुर्गेश से किसी बात पर विवाद हो गया। वीरेन्द्र के अनुसार तीनों ने लाठी-डण्डों से उस पर हमला कर दिया। जब उनके पिता राम करन यादव बीच-बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और सिर पर वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल रामकरन को आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर ले जाया गया जहां रात करीब 1रू30 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर मंगलवार तड़के मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। सीओ इटवा शुभेंदु सिंह ने बताया कि तीनों आरोपी मृतक के पोते हैं। दो को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस के अनुसार, मामला आपसी रंजिश और लंबे समय से चल रहे घरेलू तनाव से जुड़ा है। जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।




