शिक्षक समस्याओं को लेकर यूटा प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन

सिद्धार्थनगर। जनपद के परिषदीय विद्यालयों और शिक्षकों से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन सिद्धार्थनगर के प्रतिनिधिमंडल ने जिला संरक्षक हरिमोहन सिंह श्रीनेत के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार से वार्ता की और इससे संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। वार्ता के दौरान जिला संरक्षक हरिमोहन सिंह श्रीनेत ने कहा कि जिन शिक्षकों का सेवा पुस्तिका ऑनलाइन अपडेट नहीं है ऐसे सभी शिक्षकों की सेवा पुस्तिका अपडेट की जाय और छुट्टियों को सही फीड किया जाय। शिक्षकों के एक दिन की वेतन कटौती को बहाल करने का आदेश जल्द से जल्द जारी किया जाए। विभिन्न ब्लॉकों में कार्यरत पटल सहायकों से ही उनके पटल का कार्य लिया जाय किसी बाहरी या बिचौलियों से कार्य न कराया जाए। जिलाध्यक्ष अभय कुमार पांडेय ने कहा कि अधिकांश ब्लॉकों के शिक्षकों को परिचय पत्र प्राप्त नहीं हुआ है जबकि इस संबंध में पूर्व में ही सचिव द्वारा आदेश और धनराशि जारी की जा चुकी है इसलिए प्रकरण का संज्ञान लेकर सभी शिक्षकों का परिचय पत्र जारी किया जाय। निलंबित शिक्षकों का बहाली आदेश तय समय सीमा में निर्गत किया जाए। अंतर्जनपदीय और अंतः जनपदीय स्थानांतरण पा चुके शिक्षकों के माह जून का वेतन आदेश अति शीघ्र जारी किया जाए। संगठन के जिला महामंत्री प्रकाश नाथ त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षकों के मेडिकल लीव, सीसीएल, प्रसूता अवकाश आदि ऑनलाइन अवकाश को समय से स्वीकृत किया जाय। चयन वेतनमान का आदेश अति शीघ्र जारी किया जाए तथा जिन शिक्षकों की पत्रावली में कुछ कमी हो उसे बीआरसी से सही कराया जाए। नगरपालिका/नगर पंचायत की सीमा क्षेत्र के विद्यालयों की सूची अति शीघ्र जारी किया जाए। इस दौरान यूटा के जिला प्रवक्ता आनंद मिश्र, जनपदीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार पांडेय, ब्लॉक पदाधिकारी कुलदीप भार्गव, रवि नाथ त्रिपाठी ब्रजभूषण आदि उपस्थित रहे।




