श्रीमद भागवत कथा के लिए निकली भव्य कलश यात्रा

उसका बाजार। उसका ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत अजिगरा के टोला ताल बगहिया में शनिवार से शुरू संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के पहले दिन भव्य कलश यात्रा कथावाचक पंडित सत्य प्रकाश पाण्डेय के अगुवाई में निकाली गई। मुख्य यजमान रामसेवक यादव के घर कथा स्थल से शुरू यह कलश यात्रा भजन, कीर्तन एवं जयकारे के साथ चौबाहे घाट पर नदी तट पर पहुंचा। जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन हुआ। कलश यात्रा में शामिल लोग कलश में जलभरकर कथा स्थल पर पहुंचे। सात दिन तक चलने वाले इस ज्ञानयज्ञ में भगवान के विभिन्न अवतारों की कथा एवं झांकी निकाली जायेगी। कथावाचक पंडित सत्य प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि जन्म जन्मांतरों का पुण्य उदय होने पर भागवत कथा करवाने एवं श्रवण का अवसर मिलता है। भागवत महापुराण पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान श्रीकृष्ण का वांग्मय स्वरूप है अर्थात साक्षात् श्री कृष्ण है। जो इंसान भागवत की शरण में जायेगा उसे सहज ही श्रीकृष्ण मिल जायेंगे। कलश यात्रा में राधेश्याम यादव, सुभाष यादव, विनोद यादव, द्वारिका यादव, सुनील यादव, विशाल यादव आदि लोग मौजूद रहे।




