कहीं राजनीति की शिकार तो नहीं हो रही सीडीओ की कुर्सी, बुद्ध भूमि पर एक हफ्ते में चार बार बदले सीडीओ
सीडीओ जयेन्द्र के तबादला के बाद एक हफ्ते में मृणाली जोशी, सुमित यादव, नवनीत सेहारा के बाद अब बलराम सिंह सीडीओ बनाने का हुआ है ऐलान।

सिद्धार्थनगर। शासन स्तर पर बुद्ध भूमि का सीडीओ पर पद तैनाती को लेकर तबादलों का खूब खेल किया जा रहा है। एक सप्ताह में चार बार सीडीओ बदले जा चुके हैं, लेकिन अब तक किसी ने ज्वाइन नहीं किया। अब शुक्रवार रात बलराम सिंह को सीडीओ बनाने की घोषणा की गई है, इनका आगमन होगा या बगैर ज्वाइन करे इनके स्थान पर किसी और को सिद्धार्थनगर का सीडीओ बनाकर भेजा जायेगा। सिद्धार्थनगर में जयेन्द्र कुमार लम्बे समय तक सीडीओ पद पर तैनात रहे। उनका तबादला हुआ तो उनके स्थान पर शासन ने संयुक्त मजिस्ट्रेट गोरखपुर मृणाली अविनाश जोशी को सीडीओ नियुक्त कर दिया था। दो ही दिन बीते थे कि उनका भी तबादला हो गया। उनके स्थान पर नये सीडीओ के रूप में सुमित यादव के नाम की घोषण हो गई। जिले के लोग उनके आने का इंतेजार कर ही रहे थे कि एक और सूची आ गई, जिसमें उनका तबादला निरस्त कर नवनीत सेहारा को सीडीओ बनाये जाने की तबादला सूची जारी कर दी। ऐसा लगा कि शासन की ओर से जारी तबादला सूची अन्तिम है और अब फाइनली नवनीत सेहारा ज्वाइन कर लेंगे और सिद्धार्थनगर को सीडीओ मिल जायेगा, लेकिन इंतेजार खत्म नहीं हुआ। शुक्रवार को एक और तबादला लिस्ट आ गई, जिसमें नये सीडीओ के रूप में मेरठ में तैनात एडीएम प्रशासन पीसीएस बलराम सिंह को जिले का सीडीओ बनाया गया है। सप्ताह में चार बार सीडीओ बदलने के बाद लोग यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि वह आयेंगे भी या उनका भी तबादला हो जायेगा।




