गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

रातों में सक्रिय हैं मिट्टी खनन माफिया, प्रशासन मौन

बजहा ताल व नारखोरिया गांव के पास रात्रि में किया गया मिट्टी खुदाई।

चिल्हियां/सिद्धार्थनगर। जनपद के तहसील क्षेत्र शोहरतगढ़़ में अवैध मिट्टी खनन का गोरखधंधा जोरों पर है। खासकर रात के समय में खनन माफियाओं द्वारा बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई और ढुलाई की जा रही है। स्थानीय लोग इस अवैध गतिविधि से बेहद परेशान हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली और भारी मशीनों की आवाजें रातभर गूंजती रहती हैं, जिससे आम नागरिकों की नींद हराम हो गई है। ग्रामीणों द्वारा कई बार स्थानीय प्रशासन और खनन विभाग को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। शिकायतें या तो अनसुनी कर दी जाती हैं या फिर औपचारिकता निभाकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। इससे यह स्पष्ट होता जा रहा है कि खनन माफियाओं को कहीं न कहीं सम्बन्धित अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है। तहसील क्षेत्र शोहरतगढ़़ के बजहा सागर से कई दिनों से रात्रि दस बजे से सुबह चार बजे तक खनन कार्य किया जा रहा है। इसके पूर्व में खनन माफियाओं ने सरयू कैनाल के तटबंधों को काटकर मिट्टी बेचने का कार्य कर चुके है। वहीं नारखोरिया गांव के पास भी अवैध मिट्टी खनन जोरों पर है। इसकी भी शिकायत बजहा के ग्रामीणों ने जिम्मेदारों से की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने से खनन करने वालों का मनोबल बढ़ता जा रहा है और वह सरकारी भूमि को भी नहीं छोड़ रहे हैं। गुरुवार को रात्रि ग्यारह बजे इन्टरनेट मीडिया पर हुए वायरल वीडियो इसकी प्रामाणिकता बयां कर रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खनन माफिया सम्बन्धित अधिकारियों से अच्छी ताल मेल हैं, जिससे उनकी गतिविधियों पर कोई रोक नहीं लगती। यही कारण है कि इन माफियाओं के हौसले दिनोदिन बुलन्द होते जा रहे हैं। खुलेआम सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। इससे न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, बल्कि सरकारी राजस्व की भी भारी हानि हो रही है। इससे क्षेत्र में सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं और आम जनता का जीवन संकट में पड़ गया है। आमजनों ने जिलाधिकारी से अवैध खनन रुकवाते हुए खनन में लिप्त लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 का कहना है कि टीम गठित कर इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। वहीं जिला खनन अधिकारी मुकेश मिश्रा ने कहा कि अवैध खनन की छापेमारी की जा रही है। मामला संज्ञान में है, इसकी जांच की जायेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!