24 घण्टे के अंदर चोरी की घटना का किया मटेरा पुलिस ने किया सफल अनावरण

बहराइच। मटेरा पुलिस, स्वॉट/सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम द्वारा चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद कर सम्बन्धित अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। प्राप्त विवरण अनुसार दिनांक 13.05.2025 को वादी हर्षवर्धन सिंह पुत्र स्वर्गीय रविन्द्र सिंह निवासी गौरा धनौली भोला पेट्रोल पम्प थाना मटेरा जनपद बहराइच के द्वारा तहरीरी सूचना मिली कि अज्ञात चोर द्वारा गौरा धनौली भोला पेट्रोल पम्प थाना मटेरा जनपद बहराइच ऑफिस में रखी मेज की दराज से रुपए 5,77,410 चुरा लिए गए हैं जिसके सम्बन्ध में अज्ञात के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए विवेचना प्रारम्भ की गयी। पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना स्थानीय पुलिस को जनपदीय पुलिस इकाईयों की मदद से उक्त घटना के शीघ्र अनावरण हेतु निर्देशित किया गया । प्रभारी निरीक्षक राज कुमार पांडेय के देख रेख में पुलिस/वॉट की संयुक्त टीम द्वारा अभियोग के सम्बन्ध में घटनास्थल भोला पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया जा रहा था व सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे थे इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज में चोरी की घटना के वक्त एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई पड़ा जिसके सम्बन्ध में वादी मुकदमा व पेट्रोल पम्प कर्मचारियों से पूछताछ की गई तो सभी ने संदिग्ध व्यक्ति को पेट्रोल पम्प का सेल्समैन सुभाकर यादव होना बताया। जिस पर उक्त संदिग्ध सेल्समैन से पुलिस व स्वाट टीम द्वारा गंभीरतापूर्वक कड़ाई से पूछताछ करने पर संदिग्ध व्यक्ति द्वारा लालच में आकर चोरी करने व चोरी कि धनराशि को छुपा देने की बात स्वीकार की । जिस पर पुलिस टीम व स्वॉट टीम द्वारा अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी के माल सहित ट्यूबलाइट की फंटी,घटना कारित करते समय अभियुक्त द्वारा पहने कपड़े को बरामद कर कब्जे में लिया गया। गिरफ्तार किये गए अभियुक्त का नाम व पता सुभाकर पुत्र राम चन्द्र यादव निवासी असरफा दा0 परसोरा थाना दरगाह शरीफ जनपद बहराइच है।




