अम्बेडकर जयन्ती पर उमड़ा जनसैलाब, सामाजिक न्याय और समरसता का गूंजा सन्देश

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की 134वीं जयन्ती के अवसर पर सोमवार को सिद्धार्थनगर जनपद में सामाजिक न्याय, समरसता और चेतना का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। पूरे जिले के गांवों में लाखों की संख्या में लोगों ने रैलियां निकालकर बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया। इसी क्रम में नगर पंचायत बढ़नी कार्यालय में भी विशेष उत्साह देखने को मिला, जहां नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि के साथ दर्जनों लोगों ने बाबा साहब के चित्र पर श्रद्धापूर्वक पुष्प अर्पित किये। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बाबा साहब के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। नगर पंचायत बढ़नी मुड़िला रोड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रमुख नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और बाबा साहब के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हारून रशीद खान ने अपने सम्बोधन में बाबा साहब के संघर्षों और संविधान निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह ने कहा कि बाबा साहब ने समाज के कमजोर वर्गों को आवाज दी और उनके अधिकारों के लिए लड़ने की प्रेरणा दी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लोहिया वाहिनी, सागर पाठक शान ने युवाओं का आह्वान किया कि वे बाबा साहब के जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक न्याय और समानता के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। डॉक्टर तौसीफ एच0 खान ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह सामाजिक उत्थान का सबसे शक्तिशाली माध्यम है। पूर्व प्रधान अनुज चौधरी ने ग्रामीण स्तर पर बाबा साहब के विचारों को पहुंचाने की आवश्यकता बताई। डॉक्टर अबुल कलाम ने सामाजिक एकता और भाईचारे पर बल दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे आसपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र भारती ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया और बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन शिवचन्द्र भारती ने किया। इस अवसर पर डॉक्टर एसएन सोनकर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लोहिया वाहिनी सागर पाठक शान, पंकज चतुर्वेदी, शमीम अख्तर, प्रोफेसर जियाउलहक़, पूर्व प्रधान अनुज चौधरी, पूर्व प्रधान जयकरन प्रसाद गौतम, प्रधान प्रतिनिधि राधेश्याम शर्मा, अलीमुल्ला, सुरेन्द्र गौतम, शाह मोहम्मद, प्रभु नाथ गौतम, बासुदेव कसौधन, मंगेश यादव, पप्पू बौद्ध, फूलचन्द, घनश्याम, राजेन्द्र निरंकारी, अनिल गौतम, निर्विकार गौतम, सुक्खा गौतम, राधेश्याम पाल और संदीप गौतम समेत बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिन्होंने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। अम्बेडकर जयन्ती का यह भव्य आयोजन सिद्धार्थनगर में सामाजिक समरसता और न्याय के प्रति दृढ़ संकल्प का प्रतीक बना।



