दिल्ली से आ रही प्राइवेट बस के ऊपरी हिस्से में आग लगने से अफरातफरी

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज क्षेत्र के बेंवा चौराहे के पास दिल्ली से आ रही एक प्राइवेट बस के ऊपरी हिस्से में शनिवार दोपहर में आग लग गई। बस रोककर आग पर काबू पाया गया। बस में सवार से करीब पांच दर्जन लोग बाल-बाल बच गए, लेकिन यात्रियों में दहशत मची रही। शनिवार को दिल्ली से आ रही राज ट्रैवेल्स की प्राइवेट बस बेंवा चौराहे पर पहुंची थी कि ऊपर से जा रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आकर उसमें धुआं उठने लगा। इसका अंदाजा नहीं लग पाया और गाड़ी आगे बढ़ती रही। धुंआ उठते देख स्थानीय लोगों ने पीछा कर परसा पंडित चौराहे के पास बस रुकवाई। बस के ऊपर रखे सामान से धुआं उठ रहा था। स्थानीय व यात्रियों के मदद से पानी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस बीच बस में सवार करीब पांच दर्जन यात्रियों में अफरातफरी फैल गई। बस संचालक महेंद्र पाण्डेय ने बताया कि बस दिल्ली से बांसी जा रही थी। ऊपर रखा सामान हाईटेंशन तार के संपर्क में आने से आग लगी। ड्राइवर और खलासी की सूचना के अनुसार सभी यात्री सुरक्षित हैं और बस अपने गंतव्य तक पहुंच गई है। गनीमत रही कि आग लगने की जानकारी जल्दी मिल गई। अगर थोड़ी देर और हो गई होती तो तबाही मच सकती थी। राहगीरों का कहना है कि बस में करीब पांच दर्जन लोग सवार थे, जिनकी जान को खतरा हो सकता था।




