अवैध पेड़ काटने वालों को एसएसबी व वन विभाग की संयुक्त टीम ने किया गिरफ्तार

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 50वीं वाहिनी डी कम्पनी बढ़नी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को भारत-नेपाल सीमा के निकट पकड़िहवा (पथरदेईया) गांव में अवैध सागौन कटाई का भण्डाफोड़ किया। वहीं टीम ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और 27 बोटा सागौन की लकड़ी को भी जब्त किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सशस्त्र सीमा बल 50वीं वाहिनी डी कम्पनी की सूचना शाखा ने कम्पनी प्रभारी को सूचना दी कि पकड़िहवा गांव में अवैध रूप से सागौन की लकड़ी काटी जा रही है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक अंकित सिंह के नेतृत्व में एक विशेष गश्ती दल का गठन किया गया। दल ने वन विभाग इटवा रेंज के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान 54 बर्षीय मोहम्मद मुस्तफा और 41 बर्षीय मगरें नामक दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे रामकृष्ण उर्फ झिन्नाराम के लिए काम कर रहे थे। वे लकड़ी काटने का कोई वैध प्रमाण नहीं दिखा सकें। संयुक्त दल ने लकड़ी को जब्त कर लिया और अभियुक्तों को अग्रिम कार्रवाई के लिए वन विभाग इटवा रेंज को सौंप दिया।




