शोहरतगढ़ नगर में अस्थाई अतिक्रमण पर एसडीएम ने चलवाया बुलडोज़र

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। रविवार को सार्वजानिक छुट्टी के रूप में जहां प्रशासनिक अधिकारी अपनी छुट्टिया बिता रहे थे तो वहीं शोहरतगढ़ एस.डी.एम. राहुल सिंह ने अपनी टीम के साथ अवैध अतिक्रमणकारियों पर प्रशासनिक बुलडोज़र की कार्यवाही करवा रहे थे। शोहरतगढ़ बाजार में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए तहसील प्रशासन ने नगर पंचायत प्रशासन के साथ मालगोदाम तिराहा से पुलिस पिकेट एवं उसके 100मीटर आगे यानी प्रेम मेडिकल गली तक अतिक्रमणकारियों पर बुलडोजर चलाया। स्थाई रूप से बने फर्श एवं सीढ़ी आदि को ध्वस्त करा दिया गया। इस दौरान अस्थाई दुकानदारों के बीच अफरातफरी का माहौल रहा।विदित हो पूरे कस्बे जहाँ तहां अस्थाई अतिक्रमणकारियों का कब्जा है। सड़क किनारे यहां-वहां फुटपाथ पर दुकान खुले हैं तो कहीं गुमटी, ठेला और रास्ते में ही मोमो, चाउमीन, फल, किराना, ई-रिक्सा आदि की दुकानें सजी रहती हैं। कुछ दुकानदार अपनी दुकानों के आगे बड़े-बड़े शेड बनाकर उसमें अपनी दुकानों के साथ समान सजा रखे हैं तो कहीं-कहीं खुद दुकानदार अपनी दुकान दूसरे को किराए पर देकर खुद फुटपाथ पर दुकान सजा रखे हैं और तो और बिल्डिंग मटेरियल की दुकान वाले सड़क किनारे सरकारी जमीन पर ही बालू और गिट्टी गिरा रखे है।अतिक्रमण अभियान के दौरान एसडीएम राहुल सिंह ने कहा है कि अस्थाई दुकान के कारण आमजन को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिसकी शिकायत शोहरतगढ़ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बीते 29 जनवरी 2025 को जिलाधिकारी महोदय से की थी। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पहले भी कई बार तहसील प्रशासन द्वारा अस्थाई दुकानों को हटाया गया था, लेकिन फिर दोबारा से अस्थाई दुकान लग जाने के कारण जाम की समस्या फिर से उत्पन्न हो गई थी। आज पुनः जेसीबी की कार्यवाही की गयी है। उसके साथ ही अवैध अतिक्रमण पर अस्थाई रूप से ई-रिक्शा चालको को भी हिदायत दी गई कि वह निश्चित स्थान पर अपना रिक्शा खड़ा कर सवारी उठाने का काम करें, अन्यथा की दशा में उनके विरुद्ध भी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन दुकानदारों की शिकायत मिल रही है कि वह अपनी दुकान के आगे ₹100 लेकर रिक्सा गाड़ी खड़ा कर सवारी भरवाने का काम करवाते हैं यदि उनकी शिकायत उन्हें दुबारा मिलती है तो उन पर भी नगर पंचायत प्रशासन द्वारा जुर्माने की कार्रवाई होंगी। इस दौरान ईओ अजय कुमार, तहसीलदार अजय कुमार, नायब तहसील महमूद अंसारी, कानूनगो रामजतन, लेखपाल शिवा यादव, लेखपाल रामपूजन, लेखपाल रजनीश विश्वकर्मा के साथ लिपिक राजेश कुमार त्रिपाठी एवं उपनिरीक्षक रामशंकर पाण्डेय अपनी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। विद्यालय छुट्टी के समय लगता है भयंकर जाम
शोहरतगढ़ में स्थापित शिवपति इंटर कालेज, शिवपति पीजी कॉलेज, पीपीएस इंटर कॉलेज, शारदा पब्लिक कॉलेज आदि, सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर विद्यालय, सेठ रामकुमार बालिका इंटर कॉलेज आदि के स्कूली छुट्टी के दौरान पुलिस विकेट, तिरंगा तिराहा आदि कई स्थानों पर जाम लग जाता है। बड़ी-बड़ी गाड़ियां चींटी की तरह रेंगती नजर आती है। विदित हो जाम के कारण पूर्व में स्कूली बच्चों के साथ दुर्घटना भी घट चुकी है बावजूद जाम के झाम से शोहरतगढ़ क़स्बा निजात नहीं पा पा रहा है और हालत जस के तस हो जाते है।



