देहात कोतवाल और चौकी इंचार्ज को पुलिस अधीक्षक ने भेजा पुलिस लाइन

बहराइच। पुलिस अधीक्षक बहराइच राम नयन सिंह ने कड़ी कार्रवाई करते हुए देहात कोतवाल और चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया। यूपी के अमरोहा जिला निवासी एक ट्रक चालक के साथ दो दिन पूर्व कुछ लोगों ने मारपीट कर अधमरा कर दिया था जिस कारण से लखनऊ में इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई थी तथा इस मामले में पुलिस की बड़ी लपरवाही सामने आई थी। मिली जानकारी अनुसार अमरोहा जिले के गजरौला थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव निवासी जसवीर सिंह पुत्र सौरभ सिंह ट्रक लेकर शुक्रवार को मुरादाबाद जा रहे थे। कोतवाली देहात के शिव नगर तिराहा के पास गोंडा से बारातियों को लेकर आ रही बस के कुछ लोगों से साइड देने को लेकर विवाद हो गया था ; जिसके बाद बस सवार लोगों ने ट्रक चालक को पीट पीट कर अधमरा कर दिया था। लखनऊ में इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई थी। इस घटना को चौकी इंचार्ज जिला कारागार संजय गौतम और देहात कोतवाल परमानंद तिवारी ने पूरी तरह से दबाए रखा। काफी दबाव के बाद घायल के लखनऊ रेफर होने की बात बताई इससे पुलिस विभाग की काफी किरकरी हुई। जिस पर पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह ने सोमवार को देहात कोतवाल परमानंद तिवारी और चौकी इंचार्ज संजय गौतम को लाइन हाजिर कर दिया।




