सिद्धार्थनगर महोत्सव मेला गुलजार, उमड़े खरीदार

सिद्धार्थनगर। मौसम में आई गर्माहट के साथ ही सिद्धार्थनगर महोत्सव मेले की रौनक भी बढ़ चुकी है। सपरिवार मेला देख रहे लोग घरेलू सामानों की खरीदारी के साथ फूड जोन में तरह तरह के जायकों का भरपूर लुत्फ लेते दिख रहे हैं। पड़ोसी देश नेपाल से अपने दोस्तों के साथ महोत्सव घूमने आए नईम साहिल कपिलवस्तुवी ने बताया कि हर साल महोत्सव में रात को कविसम्मेलन मुशायरा देखने आते थे, इस साल कविसम्मेलन न होने के कारण निराश हैं और कुछ घरेलू सामानों की खरीदारी कर वापस लौट रहे हैं। भदोही की कालीनों की दुकान पर खरीदारी कर रहे नोनहवा के राजकुमार कहने लगे कि अभी दुकानदारों का भाव आसमान पर है, मेले के आखिरी दिनों में मनचाही कीमत पर देकर जाएंगे। ईरानी चाय के कद्रदान जितेंद्र मिश्रा ने बताया कि राजस्थानी चाट पकौड़े भी बड़े चटपटे हैं। पुस्तक मेले में मुंशी प्रेमचंद एवं दूसरे लेखकों की चर्चित पुस्तकों के साथ दलित साहित्य की पुस्तकों की अच्छी खरीदारी हो रही है। रात में जगमगाते झूलों का अपना अलग आकर्षण है। कुल मिलाकर यूँ कह सकते हैं कि मेला जम चुका है।




