सिद्धार्थनगर : नेपाली पर्वतारोही ने 30वीं बार माउण्ट एवरेस्ट पर की चढ़ाई
दिग्गज पर्वतारोही कामी रीता शेरपा के नाम है एवरेस्ट पर सबसे ज्यादा बार पहुंचने का रिकार्ड

दैनिक बुद्ध का संदेश
कपिलवस्तु/सिद्धार्थनगर। नेपाल के दिग्गज पर्वतारोही कामी रीता शेरपा ने बुधवार को 30वीं बार माउण्ट एवरेस्ट पर चढ़ाई करके इतिहास रच दिया। उन्होंने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर सबसे अधिक बार चढ़ने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। 14 पीक्स एक्सपीडिशन कम्पनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ताशी लकपा शेरपा के अनुसार 54 वर्षीय पर्वतारोही रीता शेरपा स्थानीय समयानुसार सुबह सात बजकर 49 मिनट पर 8,849 मीटर ऊंची चोटी पर पहुंचे। कामी ने मात्र 10 दिन पहले ही 29वीं बार एवरेस्ट पर चढ़ाई की थी।
हिमालयन टाइम्स अखबार ताशी लकपा के हवाले से बताया कि कामी रीता शेरपा ने 12 मई को 29वीं बार एवरेस्ट पर चढ़ाई की। रिपोर्ट में कहा गया है कि दिग्गज पर्वतारोही कामी ने मई 1994 में पहली बार माउण्ट एवरेस्ट पर चढ़ाई की थी। उनका जन्म 17 जनवरी, 1970 को हुआ था और उनकी पर्वतारोहण यात्रा 1992 में शुरू हुई थी। पिछले साल उन्होंने एक ही मौसम में 27वीं और 28वीं बार माउण्ट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी।




