तिरंगा यात्रा का किया गया आयोजन

दैनिक बुद्ध का संदेश
बस्ती। रामनगर प्रथम क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार मोहित सिंह के नेतृत्व में रविवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह तिरंगा यात्रा पटवारिया से प्रारंभ होकर कांटे खैरा तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, युवा और समर्थक शामिल हुए। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारे, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।तिरंगा यात्रा का उद्देश्य क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता फैलाना बताया गया। यात्रा में लोगों के हाथों में तिरंगा झंडा था और सभी ने अनुशासित तरीके से सहभागिता निभाई। रास्ते भर स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और उत्साहपूर्वक समर्थन जताया।इस अवसर पर मोहित सिंह ने कहा कि यदि क्षेत्र की जनता उन्हें आशीर्वाद देकर जिला पंचायत सदस्य चुनती है, तो वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ जनसेवा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने क्षेत्र के विकास, पारदर्शिता और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया।मोहित सिंह ने यह भी कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, स्वच्छता और रोजगार जैसे मूलभूत मुद्दों पर ठोस कार्य किए जाएंगे, ताकि रामनगर प्रथम क्षेत्र को विकास की नई दिशा मिल सके। तिरंगा यात्रा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।




