भटगवां शिव मंदिर पर भाजपा का बूथ कार्यकर्ता सम्मान समारोह हुआ आयोजित, पूर्व विधायक ने किया संगठन को मजबूत करने का आह्वान

दैनिक बुद्ध का संदेश
डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। तहसील क्षेत्र के भटगवां शिव मंदिर परिसर में मंगलवार को डुमरियागंज मंडल के कार्यकर्ताओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने मंडल एवं बूथ स्तर के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एक मंच पर सम्मिलित कर उनके योगदान की सराहना की। समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है, जहां कार्यकर्ता के परिश्रम, निष्ठा और समर्पण का पूरा सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर ईमानदारी और लगन से कार्य करने वाला कार्यकर्ता भी बड़े-बड़े महत्वपूर्ण दायित्वों तक पहुंच सकता है। यह कार्यसंस्कृति अन्य राजनीतिक दलों से भाजपा को अलग पहचान देती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इसी भावना के साथ पार्टी की नीतियों और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और एकजुटता के कारण ही भाजपा निरंतर मजबूत होती जा रही है। पूर्व विधायक ने एसआईआर के तहत चल रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची में अधिक से अधिक नाम जुड़वाने का कार्य 10 जनवरी तक सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए, यह सभी कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान लवकुश ओझा, चंद्र प्रकाश वर्मा, मधुसूदन अग्रहरि, अमरेंद्र त्रिपाठी, अजय अग्रहरि, विष्णु श्रीवास्तव, अजीत अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




