ए.सी.बी. बैंक का बकाया वसूलने को प्रशासन सख्त, डुमरियागंज में बकायेदारों की जमीन कुर्क

दैनिक बुद्ध का संदेश
डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। ए.सी.बी. बैंक शाखा डुमरियागंज के बकाया ऋण की वसूली को लेकर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को बकायेदारों की जमीन कुर्क कर दी। कुल 7 लाख 44 हजार 980 रुपये की बकाया राशि की वसूली के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। उपजिलाधिकारी डुमरियागंज द्वारा जारी स्वीकृति आदेश दिनांक 02 जनवरी के क्रम में नायब तहसीलदार विष्णु प्रसाद सिंह के नेतृत्व में तहसील प्रशासन की टीम ने यह कार्रवाई की। नायब तहसीलदार ने बताया कि आदेश के अनुपालन में ग्राम हरीजोत, तप्पा करही, परगना रसूलपुर, तहसील डुमरियागंज निवासी करम हुसेन, गुलाम हुसेन एवं यार मोहम्मद पुत्रगण महीबुल्लाह की अचल संपत्तियों को कुर्क किया गया है। कुर्क की गई संपत्तियों में गाटा संख्या 163/2 (0.0450 हेक्टेयर) एवं गाटा संख्या 119 (0.354 हेक्टेयर) शामिल हैं। उक्त भूमि में बकायेदारों के सम्पूर्ण अंश (भूमि एवं अन्य अचल संपत्तियां) को आर.सी. प्रपत्र-41 के अंतर्गत जब्त किया गया है। नायब तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि कुर्क की गई संपत्तियों का हस्तांतरण, बिक्री, दान अथवा किसी भी प्रकार का प्रभार अर्जन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आदेश के उल्लंघन की स्थिति में संबंधितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है तथा अन्य बैंक बकायेदारों के लिए यह चेतावनी और सख्ती का स्पष्ट संदेश माना जा रहा है। इस दौरान अवधेश कुमार, शिवकुमार तिवारी, भारतेंदु चौबे, वेद पाण्डेय, रविंद्र त्रिपाठी, धर्मराज चक्रवर्ती, शिवसागर गुप्ता, सच्चिदानंद मिश्रा, हरेंद्र कुमार, अजीजुल्लाह, शहरयार, अब्दुल खालिक, निसार अहमद, राधेश्याम आदि मौजूद रहे।




