विवाहिता की संदिग्ध मौत पर थाने में मायके पक्ष ने किया हंगामा

इटवा/सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के थाना क्षेत्र इटवा अन्तर्गत सिरसिया गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद मंगलवार को इटवा थाने में उस वक्त अफरा-तफरी (हंगामा) मच गई, जब मायका पक्ष एम्बुलेंस में शव लेकर पहुंचे और पति व ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज प्रताड़ना व गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गया। मृतका की पहचान थाना सोनहा क्षेत्र के सोनहा गांव निवासी 25 बर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई है, जिसकी शादी 04 वर्ष पहले सिरसिया गांव निवासी युवक से हुई थी। लक्ष्मी की 03 वर्ष की एक मासूम बेटी भी है। वहीं परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और रविवार को उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने बताया कि उन्हें मौत की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे, जहां परिस्थितियां संदिग्ध मिलीं। उनका दावा है कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है। इसी को लेकर वे शव को एम्बुलेंस में लेकर इटवा थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मायके पक्ष ने तीन दिन बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई मांग किया। मायका पक्ष ने कहा कि घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर थाने में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गये। रोड जाम कर परिजन मुकदमा लिखने की बात पर अभी तक अड़े हैं।




