तुर्की में अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान हेतु रतन सेन डिग्री कॉलेज के प्राध्यापक का चयन

दैनिक बुद्ध का संदेश
बांसी, सिद्धार्थनगर।रतन सेन डिग्री कॉलेज, बांसी के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि मनोविज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक रितेश कुमार शुक्ल को तुर्की के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में व्याख्यान हेतु आमंत्रित किया गया है।यह अंतरराष्ट्रीय स्टाफ वीक कार्यक्रम 11 से 15 मई 2026 के बीच तुर्की में आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न देशों के शिक्षाविद भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में रितेश कुमार शुक्ल को उद्घाटन व्याख्यान देने का विशेष अवसर प्राप्त हुआ है। वे “ग्रामीण कक्षाओं में सकारात्मक मनोविज्ञान तथा प्रथम पीढ़ी के विद्यार्थियों में मानसिक दृढ़ता विकसित करने” विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे।रितेश कुमार शुक्ल का यह चयन न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों का परिणाम है, बल्कि यह रतन सेन डिग्री कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्ता का भी प्रतीक है।इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्राचार्य महोदय के मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन के बिना यह संभव नहीं हो पाता। साथ ही उन्होंने अपने सहकर्मियों एवं महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके सहयोग और समर्थन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में सहायता की।महाविद्यालय परिवार ने रितेश कुमार शुक्ल को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके सफल एवं प्रेरणादायक व्याख्यान की कामना की।




