जिलाधिकारी खुद उतरे खेतों में धान की फसल की क्रॉप कटिंग का लिया जायजा

श्रावस्ती। हरिहरपुररानी विकास खंड के कोकल गांव में शुक्रवार को जिलाधिकारी ने खेतों में उतरकर धान की फसल की क्रॉप कटिंग का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने अपने सामने धान का वजन कराकर उत्पादन का आंकलन किया और किसानों से फसल उपज से जुड़ी जानकारी साझा की। डीएम ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि पराली जलाने से पर्यावरण को भारी नुकसान होता है, इसलिए किसान पराली को जलाने के बजाय उसका वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण करें। उन्होंने बताया कि शासन स्तर पर इसके लिए विभिन्न योजनाएं व यंत्र सब्सिडी दरों पर उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही डीएम ने किसानों से अपील की कि वे धान की उपज को सरकारी क्रय केंद्रों पर ही बेचें, जिससे उन्हें उचित समर्थन मूल्य मिल सके और किसी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रों पर सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। डीएम ने मौके पर उपस्थित कृषि विभाग के अधिकारियों को धान खरीद, भंडारण और पराली प्रबंधन से जुड़ी योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। कोकल गांव के किसानों ने डीएम के इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अधिकारी का खुद खेत में उतरना किसानों के मनोबल को बढ़ाने वाला कदम है।

