उज्ज्वला लाभार्थियों की सब्सिडी पर संकट

बलरामपुर। दीपावली पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलिंडर देने की घोषणा की गई है। वहीं जिले में आधार प्रमाणित न होने की वजह से 44,547 लाभार्थियों को मुफ्त सिलिंडर नहीं मिलेगा। विभाग छूटे लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण कराने में जुटा है लेकिन, तय समय तक प्रमाणीकरण पूरा हो पाना आसान नहीं है। जनपद में उज्ज्वला योजना के कुल 2,22,737 लाभार्थी हैं। इन्हें दीपावली पर मुफ्त सिलिंडर की सौगात दी जानी है। जिले में 20 प्रतिशत (44,547 लाभार्थियों) का आधार प्रमाणीकरण नहीं हो पाया है। दीपावली से पहले यदि उनका आधार प्रमाणित नहीं हुआ तो उन्हें सब्सिडी का पैसा नहीं मिल पाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी निर्मलेंदु ने बताया कि ऐसे लाभार्थी जिनके आधार प्रमाणित नहीं हैं, उन्हें पहले अपनी गैस एजेंसी से संपर्क कर आधार प्रमाणित कराना होगा। इसके बाद वह भी इस योजना के हकदार होंगे। गैस एजेंसी संचालकों को शत-प्रतिशत लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण कराने का निर्देश दिया गया है।
खाते में आएगी सब्सिडी
उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बुकिंग कराने के बाद नकद भुगतान करके 14.2 किग्रा का सिलिंडर लेना होगा। इसके बाद तीन-चार दिन में कंपनी की तरफ से 100 प्रतिशत सब्सिडी का पैसा लाभार्थी के बैंक खाते में भेजा जाएगा।



