पंचायत भवन का काम अधूरा, डीएम ने सचिव का वेतन रोका, 30 नवम्बर तक काम पूरा करने का दिया निर्देश

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड शोहरतगढ़ स्थित ग्राम पंचायत मदरहना जनूबी में मनरेगा योजना के तहत पंचायत भवन का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। जिलाधिकारी डॉ0 राजा गणपति आर0 ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत भवन और बाउण्ड्रीवाल की वास्तविक स्थिति की जांच की। स्टीमेट और माप पुस्तिका का मिलान कराने पर काम में धीमी प्रगति सामने आयी। जिलाधिकारी ने पंचायत सचिव रामस्वरूप गुप्ता को जिम्मेदार मानते हुए उनका वेतन रोक दिया। निर्माण कार्य 30 नवम्बर 2025 तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है। समय सीमा का पालन न होने पर सम्बन्धित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत भवन न होने से बैठकों और सामुदायिक गतिविधियों के लिए अस्थायी स्थानों का सहारा लेना पड़ रहा है। महीनों से काम रुका हुआ है। जिम्मेदार कर्मचारी इसमें रुचि नहीं ले रहे हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मनरेगा के तहत होने वाले कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता अनिवार्य है। प्रशासन अब किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।




