खम्हरिया में जर्जर पुल बना हादसे को दावत, जिम्मेदार खामोश

पकड़ी बाजार/सिद्धार्थनगर। विधानसभा शोहरतगढ़ के विकास खण्ड जोगिया अन्तर्गत ग्राम पंचायत महला के टोला खम्हरिया में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बनाई गई सड़क पर स्थित पुल पूरी तरह से जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। इस पुल से रोजाना स्कूली बसें, प्राइवेट वाहन और ग्रामीणों की आवाजाही होती है। पुल की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस पुल की मरम्मत व पुनरू र्निर्माण के लिए कई बार सम्बन्धित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। हैरानी की बात यह है कि शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय वर्मा को इस मामले की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया। ग्रामीणों में आक्रोश है और वे पूछ रहे हैं कि क्या जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं? अगर समय रहते इस पर कार्यवाही नहीं की गई तो यह पुल किसी दिन जानलेवा साबित हो सकता है। वहीं जिम्मेदार विभाग से मांग है कि पुल की जल्द से जल्द जांच कराकर इसका निर्माण कार्य कराया जाये, ताकि ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकें।
