सावन के चौथे सोमवार पर हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय, भक्तों ने किया जलाभिषेक

शोहरतगढ़़/बढ़नी। सावन मास का चौथा सोमवार नगर पंचायत शोहरतगढ़़ व बढ़नी के लिए आस्था और भक्ति का एक अनुपम संगम बनकर सामने आया। सुबह की पहली किरण के साथ ही नगर पंचायतों के विभिन्न शिव मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव व बम-बम भोले और जय भोलेनाथ के उद्घोष से मंदिर परिसर गूंज उठे। भक्तों ने उपवास रखकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और अपने परिवार के लिए सुख, शान्ति और समृद्धि की कामना की। तमाम घाटों के तट पर आस्था की डुबकी लगाने वालों की भारी भीड़ ने इस पवित्र दिन को और भी खास बना दिया। जनपद सिद्धार्थनगर के नगर पंचायत शोहरतगढ़़ व बढ़नी में श्रावण मास के चौथे सोमवार को शिवालयों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। सुबह से ही भक्त भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए जल, दूध और बेलपत्र चढ़ाने में व्यस्त रहे। दोनों पंचायतों के शिव मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। लगातार हो रही बारिश के बावजूद भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। शिवालयों में भी भक्तों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। स्थानीय लोगों का मानना है कि भगवान शिव संकटों का नाश करने वाले हैं। विशेष रूप से शोहरत सिंह मंदिर में भगवान शिव के भक्त द्वारा जो चीज मांगीं जाती है, भगवान मुरादें पूरी करते हैं। इस कारण दूर-दराज से लोग यहां दर्शन करने आते हैं। बुजुर्गों के अनुसार भगवान शिव यहां सभी की मनोकामनाएं पूरी करते हैं। पण्डितों ने बताया कि श्रावण मास में यहां प्रतिदिन दर्जनों रुद्राभिषेक होते हैं। देवों के देव महादेव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लम्बी कतारें लगी रहती हैं। इस अवसर पर चेयरमैन उमा अग्रवाल, चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, मन्टू जायसवाल, संजय कौशल, भोला कसौधन, अनूप कसौधन, मनीष श्रीवास्तव सहित चेयरमैन सुनील अग्रहरि, उनके साथी ध्रुव प्रसाद चतुर्वेदी, तन्मय अग्रहरि, विजय, यश अग्रहरि, सूरज अग्रहरि, विष्णु अग्रहरि, राजकुमार, राहुल रामराज कन्नौजिया, बृजेश अग्रहरि, जगत राम मौर्य (मुन्नू मौर्य), संजय अग्रहरि सहित तमाम लोगों व दर्जनों महिलाओं ने भी भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।




