गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

नेपाल भेजी जा रही यूरिया की 550 बोरियां उर्वरक जब्त

सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर में कृषि विभाग ने खाद तस्करी की एक साजिश का भण्डाफोड़ किया है। शनिवार की रात करीब 12 बजे जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल ने पुलिस बल के साथ सिकरी बाजार स्थित शिवम् ट्रेडिंग कम्पनी पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पाया गया कि एक ट्रक से 550 बोरी यूरिया बिना किसी वैध दस्तावेज के दुकान में अनलोड किया जा चुका था। मौके पर कोई अभिलेख न दिखाये जाने पर दुकान को तत्काल सील कर दिया गया। जिला कृषि अधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि सिकरी बाजार स्थित शिवम् ट्रेडिंग कम्पनी पर देर रात एक ट्रक से अवैध रूप से यूरिया उतारा जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने जब शनिवार की रात लगभग 12 बजे छापा मारा, तो ट्रक से यूरिया पहले ही दुकान में अनलोड किया जा चुका था। पूछताछ में दुकानदार किसी भी प्रकार का वैध इनवॉइस, परिवहन दस्तावेज या अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारम्भिक जांच में यह सामने आया है कि जब्त की गई यूरिया की खेप देवरिया जनपद से भेजी गई थी और इसका प्रेषक सन्तोष कुमार नामक व्यक्ति है। आशंका जताई जा रही है कि इस यूरिया को अवैध रूप से नेपाल भेजने की योजना थी। सीमावर्ती क्षेत्रों में लम्बे समय से खाद की तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल ने कहा कि शिवम् ट्रेडिंग कम्पनी में बिना किसी वैध अभिलेख के 550 बोरी यूरिया अनलोड की गई थी। यह खाद देवरिया से ट्रक द्वारा लाई गई और नेपाल भेजने की योजना थी। हमने तत्काल दुकान सील कर दी है। मोहाना थाना को तहरीर दे दी गई है और मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!