सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इटवा पुराने भवन को ध्वस्त कर कराया जायेगा नये भवन के निर्माण

सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के विकास खण्ड इटवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) का जर्जर भवन अब जल्द ही इतिहास बन जायेगा। स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के क्रम में शासन ने पुराने भवन को ध्वस्त कर नये भवन के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके लिए कुल ₹6.65 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिला अस्पताल स्तर की सुविधा वाले इस नये भवन का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य प्रणाली सुदृढ़ीकरण परियोजना लिमिटेड के माध्यम से कराया जायेगा। पुराना भवन काफी जर्जर हो चुका है और उसमें कार्य करना स्वास्थ्यकर्मियों व मरीजों दोनों के लिए असुरक्षित माना जा रहा था। ध्वस्तीकरण के लिए शासन ने ₹1.71 करोड़ की अलग से स्वीकृति दी है। यह राशि भवन तोड़ने, मलबा हटाने व स्थल को समतल करने में खर्च की जायेगी। जिलाधिकारी डा0 राजा गणपति आर0 ने बताया कि नये भवन के निर्माण से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। वहीं पुराने भवन की स्थिति को देखते हुए इसके ध्वस्तीकरण को प्राथमिकता दी गई है। इस भवन में प्रसव कक्ष, आपातकालीन कक्ष, चिकित्सकों के कक्ष, ओपीडी, दवा वितरण केन्द्र सहित अन्य सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा होगी। निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की सम्भावना है। वहीं आपको बता दें कि इटवा सीएचसी का यह पुराना भवन कई वर्षों से उपयोग में है और अब पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है, जिससे कई बार हादसों की सम्भावना बनी रहती थी।




