पौधरोपण के जरिये पर्यावरण संरक्षण के प्रति बच्चों को किया गया जागरूक

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। भारतभारी नगर पंचायत क्षेत्र के गुरु गोरक्षनाथ ज्ञानस्थली वृंदावन देवरिया में शनिवार को ग्रीन डे के रूप में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रबुद्धजनों द्वारा विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। वही विद्यालय के बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। विद्यालय के अध्यक्ष पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और हरित भविष्य की ओर कदम बढ़ाना था। उन्होंने बताया कि एक वृक्ष बड़ा होकर सौ पुत्र और मित्र से भी ज्यादा लाभकारी और हितकारी साबित होता है। इसलिए पौधारोपण कर उसका संरक्षण अपने बच्चों की तरह करें, ताकि वह बड़ा होकर लोगों को लाभान्वित करे। उन्होंने कहा कि पेड़, पौधे पर्यावरण को संतुलित तो करता ही है हमारे लिए ऑक्सीजन, छाया समेत स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए पौष्टिक फल भी देता है।इस दौरान पत्रकारों के साथ विशेष वार्ता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय प्रशासन ने “ग्रीन डे” की अवधारणा, उद्देश्य और इसके दूरगामी प्रभावों पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य सुषमा श्रीवास्तव ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना विकसित करती हैं। इस दौरान विद्यालय प्रशासन ने बताया आगे भी समय-समय पर इस प्रकार के जागरूकता फैलाने वाले कार्यकम आयोजित किए जाते रहेंगे। इस दौरान पप्पू रिजवी, विक्रांत श्रीवास्तव, राजेश पाण्डेय, पुरुषोत्तम दुबे, राजीव अग्रहरि, आदित्य सिंह, अजय पाण्डेय, अंकित श्रीवास्तव, रहबर आफताब, वसीम अकरम, आलोक श्रीवास्तव, सफायत, अवधेश शर्मा आदि मौजूद रहे।


