एक अलौकिक घटना थी बिग बैंग- ह्यूमाना पीपल टू पीपल इंडिया

सिद्धार्थनगर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बांसी, सिद्धार्थनगर एवं ह्यूमाना पीपल टू पीपल इंडिया के संयुक्त तत्वाधान में एक विशेष शैक्षणिक सत्र का आयोजन किया गया जिसका विषय था दि बिग बैंग। यह सत्र संस्थान के प्राचार्य उमेश कुमार त्रिपाठी एवं उप प्राचार्य लालजी पाण्डेय के कुशल मार्गदर्शन एवं संरक्षण में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रवक्ता मोहम्मद युनुस के विषय प्रवर्तन द्वारा हुआ । उन्होंने बिग बैंग के बारे में बताते हुए कहा कि बिग बैंग सिद्धान्त के अनुसार लगभग 13.8 अरब वर्ष पूर्व ब्रह्मांड सिमटा हुआ था। इसमें हुए एक विस्फोट के कारण इसमें सिमटा हर एक कण फैलता गया जिसके फलस्वरूप ब्रह्मांड की रचना हुई। यह विस्तार आज भी जारी है जिसके चलते ब्रह्मांड आज भी फैल रहा है। इस दौरान छात्राध्यापकों ने विभिन्न प्रकार के सुंदर और रंगीन चार्ट बनाए और प्रदर्शित किए एवं उस पर अपने विचार प्रकट किए, कार्यक्रम की थीम पर भाषण देते हुए उसकी व्याख्या की। प्रतिभागियों द्वारा कविता पाठ करते हुए सुंदर स्वरों में इसकी व्याख्या की गई।इस कार्यक्रम के आकर्षण का केंद्र रहा वाद- विवाद सत्र जिसमें यह चर्चा की गई कि बिग बैंग वास्तविक है या नहीं जिसमें कक्षा के दोनों पक्षों ने अपने विचार मजबूती से रखे और अंत में निष्कर्ष पर पहुंचे कि अभी तक दिए गए सभी सिद्धांतों और तर्कों के आधार पर जॉर्ज लेमिंटर द्वारा दी गई बिग बैंग थ्योरी ही सर्वमान्य पाई गई। सभी का इस सत्र ने ज्ञानवर्धन किया और इस सत्र को बहुत सराहा। इस सत्र को आयोजित करने का उद्देश्य बिग बैंग और जीवन के संबंध को समझना और ब्रह्माण्ड के विषय में अपनी समझ विकसित करना है। इस कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्रवक्ता मोहम्मद युनुस, बद्रीनाथ त्रिपाठी, अनुराग श्रीवास्तव, धर्मेंद्र कुमार, सतीश धवन, श्रवण अग्रहरि, फुरकान अहमद, अनिल बिंद, डॉ. प्रतिभा, अंजना वर्मा एवं ह्यूमाना पीपल टू पीपल इंडिया से अभिषेक पाल एवं हेमंत कुमार एवं दोनों सत्रों के प्रशिक्षु उपस्थित रहे।




