कार पलटने सेएसडीएम के पिता की मौत

गोल्हौरा/सिद्धार्थनगर। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के महुआ गांव के पुलिया के पास शनिवार की देर शाम नाले में कार पलटने से घायल हुए सुलतानपुर में तैनात एसडीएम के पिता की मौत हो गई। रविवार दोपहर भैंसठ गांव के ही राप्ती नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अपने भतीजे के जनेऊ संस्कार में शामिल होने शनिवार देर शाम परिवार के साथ गोल्हौरा थाना क्षेत्र के भैंसठ गांव आ रहे सुलतानपुर जिले के अकबरपुर तहसील के एसडीएम संतोष कुमार ओझा की कार गांव से कुछ पहले महुआ नाला की पुलिया से नीचे पलट गई थी। नाले में थोड़ा पानी था। कार के चारों पहिये ऊपर हो गए। उसी समय गांव के प्रधान अखिलेश सिंह अपनी कार से गांव आ रहे थे। उन्होंने यह देखा तो पुलिस को सूचना देने के साथ ही एंबुलेंस बुलाई। कार सवार संतोष कुमार ओझा, उनके पिता उमाशंकर ओझा (72), एसडीएम की पत्नी, दो बेटियों और ड्राइवर को सीएचसी बांसी भेजा गया। वहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया।एसडीएम और उनके पिता को गंभीर चोटें आई थीं, बाकी को मामूली चोट थी। एसडीएम का सिर फट गया है और चार टांके लगे हैं। उनके पिता उमाशंकर ओझा के सिर और बाकी शरीर में गंभीर चोट थी। जिला अस्पताल से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने बस्ती के पास दम तोड़ दिया। साथ जा रहे लोग शव लेकर गांव वापस आ गए। रविवार दोपहर भैंसठ गांव के राप्ती तट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बाकी घायलों का इलाज चल रहा है। गोल्हौरा थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि घटना की खबर मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे थे। बांसी सीएचसी तक खुद घायलों के साथ गए थे। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। इसके बाद की कोई सूचना नहीं है।गोरखपुर में रहता था एसडीएम का परिवार आप को बता दे की भैंसठ गांव निवासी एसडीएम संतोष कुमार ओझा पूर्व में जिले में तहसीलदार भी रह चुके हैं। वह अपने परिवार के साथ गोरखपुर के बशारतपुर में आवास बनाकर रहते हैं। उनकी कार कहीं और चली जाने से वह किराए के वाहन से गांव आ रहे थे, तभी दुर्घटना हो गई।




