43 हज़ार की जगह 29 हज़ार का दिया जा रहा था पम्पसेट ,विधायक विनय वर्मा ने वितरण कार्यक्रम करवाया निरस्त
किसानो ने लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियन्ता राजेश कुमार यादव पर लगाया आरोप

सिद्वार्थनगर। विकास खण्ड नौगढ़ जिला सिद्धार्थनगर में लघु सिंचाई विभाग द्वारा किसान भाइयों को पम्पसेट वितरित किया जाना था। वहीं पम्पसेट वितरण कार्यक्रम के दौरान सांसद प्रतिनिधि एस0पी0 अग्रवाल, विधायक शोहरतगढ़़ विनय वर्मा के साथ आईएएस मुख्य विकास अधिकारी जयेन्द्र कुमार कार्यक्रम में पहुंचे थे। विधायक विनय वर्मा को किसानों ने अवगत कराया कि किसान भाइयों को जिस कम्पनी का पम्पसेट देने को कहा गया था उस कम्पनी के बजाय किसी और कम्पनी का कम गुणवत्ता वाला पम्पसेट दिया जा रहा है। जबकि किसानों से 22 हज़ार रुपए लिए गये थे और उन्हें यह कहा गया था कि सब्सिडी के माध्यम से उन्हें क़रीब 43 हज़ार रुपए मूल्य का पम्पसेट दिया जायेगा। जो पम्पसेट किसानों को वितरण के लिए दिया जा रहा था, उसपर लगभग 29 हज़ार रुपए मूल्य अंकित था। इसे देखकर वहां मौजूद किसान बहुत नाराज हुए। वहीं किसानों ने विधायक को यह भी बताया कि यह सबकुछ लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियन्ता राजेश कुमार यादव द्वारा किया गया। जिनके पास वैकल्पिक ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी है। वहीं कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी भी मौजूद थे। विधायक ने किसानों की बात सुनने के बाद पम्पसेट वितरण कार्यक्रम निरस्त करवा दिया और किसान भाइयों/अन्नदाताओं को आश्वस्त किया कि अधिकारियों का यह कृत्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के खिलाफ है। हमारे प्रधानमंत्री अन्नदाताओं को सम्मान राशि दिलवा रहे हैं। उनकी आय दूना करने के लिए कई ठोस कदम उठाये गये हैं। ऐसे में कुछ अधिकारियों की अनियमितता से अगर किसानों को ही नुकसान पहुंचाया जायेगा तो हम इसे कतई बर्दास्त नहीं करेंगे। विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग भी किया कि किसानों को सही गुणवत्ता वाला पम्पसेट मिले और जिम्मेदार अधिकारियों के ख़िलाफ जांचकर कड़ा एक्शन हो, जिससे दोबारा किसानों के साथ गड़बड़ी की हिम्मत कोई अधिकारी न करें। अन्नदाता हमारे भगवान हैं।




