डीएम की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई सम्पन्न

सिद्धार्थनगर। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मंगलवार को जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 की अध्यक्षता में सिद्धार्थ सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 द्वारा पिछली बैठक की अनुपालन आख्या की समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी ने विद्यालय के वाहनों के फिटनेस की जांच कराने का निर्देश दिया तथा यह भी निर्देश दिया कि बिना पंजीकरण कोई भी वाहन नही चलना चाहिए। बिना परमिट के चल रहे वाहनों पर कार्यवाही करने का निर्देश दिया तथा परमिट का उल्लघंन करने पर वाहन चलाने वालो पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने एआरटीओ को निर्देश दिया कि ओवर लोडिंग गाड़ियों नहीं चलनी चाहिए। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओ के अधिशासी अभियन्ता/प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देश दिया कि सड़क के किनारे गिट्टी व अन्य सामग्री नही पड़ा होना चाहिए यदि है तो उन्हें नोटिस देकर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में उन्हें हटाकर थानों और तहसीलों में जब्त करने का निर्देश दिया। ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक/कार्यशाला आयोजित कर स्थानीय लोगो को भी जागरूक करें। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग और एन0एच0आई0 को निर्देश दिया कि ब्लैक स्पाट को चिन्हित कर साइन बोर्ड लगवाने तथा गति सीमा का बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही संकेतक बोर्ड की साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने उपस्थित समस्त अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्यक लगाये, तीन सवारी न चले, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। इस अवसर पर उपरोक्त के अतिरिक्त अधिशासी अभियन्ता इटवा आशीष भारद्वाज, एआरटीओ सुरेश कुमार मौर्या, अधिशासी अभियन्ता एनएच तथा अन्य संबधित अधिकारी उपस्थित थे।




