जिलाध्यक्ष अजय कसौंधन ने सांसद जगदंबिका पाल को सौपा ज्ञापन

सिद्धार्थनगर। बर्डपुर-अलीगढ़वा (कपिलवस्तु) मार्ग के फोरलेन निर्माण की सुगबुगाहट के बीच बीच सड़क से दोनों ओर 50-50 फीट तक तोड़फोड़ की संभावित कार्रवाई को लेकर अलीगढ़वा कस्बे के व्यापारियों में गहरा रोष व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि कुछ माह पूर्व ही सड़क चौड़ीकरण के नाम पर 43 फीट तक तोड़फोड़ की जा चुकी है, जिससे कई दुकानों और मकानों को भारी क्षति पहुंची थी। व्यापारियों का आरोप है कि यदि एक बार फिर इसी तरह की तोड़फोड़ की गई तो अधिकांश दुकानों का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा और मकान भी रहने योग्य नहीं बचेंगे। इससे सैकड़ों परिवारों के सामने रोजी-रोटी और आवास का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। इस मुद्दे को लेकर सोमवार को अलीगढ़वा के व्यापारी कपिलवस्तु स्थित मुख्य स्तूप पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष अजय कसौंधन एवं जिला महामंत्री भीमचंद कसौंधन के नेतृत्व में सांसद जगदंबिका पाल का घेराव कर ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि वर्तमान स्थिति को यथावत रखते हुए ही फोरलेन का निर्माण कराया जाए, ताकि व्यापारियों और स्थानीय लोगों को नुकसान न झेलना पड़े। इस पर सांसद जगदंबिका पाल ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया और संबंधित विभागों से वार्ता कर समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर अशोक वर्मा, संजय कसौंधन, दूधनाथ, प्रमोद वर्मा, जगमोहन, ओम प्रकाश, महेश, जयनाथ, पवन, प्रिंस, सुरेंद्र, मनोज, सुहेल खान, राम किशोर, रमेश, कन्हैया लाल आदि की उपस्थिति रही।




