नवागत जिलाधिकारी अश्वनी कुमार पाण्डेय ने संभाला श्रावस्ती का कार्यभार

श्रावस्ती। जनपद श्रावस्ती मे मंगलवार की देर रात्रि नवागत जिलाधिकारी अश्वनी कुमार पाण्डेय ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर जनपद की प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाली। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत जिलाधिकारी ने कहा कि वे शासन की प्राथमिकताओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद में सुशासन, पारदर्शिता एवं जनता से संवाद आधारित प्रशासनिक व्यवस्था को बढ़ावा देंगे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे। जिलाधिकारी पाण्डेय ने कहा कि वे जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, विकास कार्यों की गति तेज करने तथा शिकायतों के प्रभावी समाधान पर विशेष ध्यान देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक तत्परता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यभार ग्रहण के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, अपर जिलाधिकारी अमरेंद्र कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी भिनगा आशीष भारद्वाज, वरिष्ठ कोषाधिकारी विनीत कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।




