सिसवा उर्फ शिवभारी के मजदूर के घर से चोरों ने उड़ाई सारी पूंजी

बढ़नी/सिद्धार्थनगर।जिले में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। थाना क्षेत्र ढेबरूआ के ग्राम पंचायत सिसवा उर्फ शिवभारी में रविवार तड़के तीन बजे चोरों ने मजदूर संदीप गौतम के घर को निशाना बनाया। चोर दरवाजा तोड़कर घर में घुसे। वे नगदी समेत जरूरी सामान लेकर फरार हो गये। संदीप मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने वर्षों में पाई-पाई जोड़कर पूंजी बचाई थी। चोरी की इस घटना से पूरे गांव में आक्रोश है। जिले में पिछले दिनों में अधिक चोरी और लूट की वारदातें हुई हैं। पुलिस कुछ ही मामलों का खुलासा कर पाई है। हर घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचती है। वह जांच का आश्वासन देती है, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकलता। वहीं गांववालों का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों से उनका जीना मुश्किल हो गया है। लोग रात में सो नहीं पा रहे हैं। महिलाएं और बुजुर्ग हर आहट से डर जाते हैं। संदीप के घर हुई चोरी से लोगों की चिन्ता बढ़ गई है। यह घटना बताती है कि गरीब भी अपराधियों के निशाने पर हैं। वहीं गांव के बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इतनी तेजी से अपराध नहीं बढ़ते देखे। पहले चोरियां कम होती थीं और चोर पकड़े भी जाते थे।




