गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

गर्भवती महिलाओं की जांच में लापरवाही पर डीएम का कड़ा रुख

उसका बाजार/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड उसका बाजार स्थित आयुष्मान आरोग्य मन्दिर उपकेन्द्र गंगाधरपुर में आयोजित बीएचएनडी (बायो हेल्थ न्यूट्रिशन डे) दिवस का बुधवार को जिलाधिकारी डॉ0 राजा गणपति आर0 ने अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं की जांच, पोषण योजनाओं के क्रियान्वयन और टीकाकरण की स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने एएनएम से गर्भवती महिलाओं की जांच से सम्बन्धित जानकारी ली। एचआरपी (हाई रिस्क प्रेगनेंसी) जांच के लिए एएनएम के पास स्ट्रिप उपलब्ध थी। गर्भवती महिलाओं के एमसीपी कार्ड बने हुए थे, लेकिन ड्यू लिस्ट अपडेट नहीं थी। कार्ड पर आरसीएच नंबर अंकित नहीं था। गर्भवती महिलाओं का फॉलोअप समय से नहीं हो रहा था, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने तत्काल एमओआईसी से स्पष्टीकरण मांगा, साथ ही एएनएम पीयूषलता और सीएचओ से भी स्पष्टीकरण तलब किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एचआरपी महिला से फोन पर बातचीत की और जांच व उपचार की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्री से सैम-मैम (कुपोषित एवं अतिकुपोषित) बच्चों का रजिस्टर भी देखा। उन्होंने पोषाहार वितरण की पारदर्शिता पर भी विशेष जोर दिया। एएनएम को एचआरपी गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और समय पर टीकाकरण कराने के निर्देश दिया।बीएचएनडी दिवस पर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, अन्नप्राशन और पोषाहार वितरण अनिवार्य करने के आदेश भी दिया। आशा डायरी पूर्ण न होने पर कड़ी नाराजगी जताई और आंगनबाड़ी व आशा कार्यकत्रियों को निर्देश दिया कि टीकाकरण से एक दिन पूर्व घर-घर जाकर महिलाओं व बच्चों को सूचित करें। एएनएम को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी बच्चा या गर्भवती महिला जांच एवं टीकाकरण से वंचित न रहें। गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर उनकी निरन्तर मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया। डीएम डॉ0 राजा गणपति आर0 ने कहा कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सभी स्वास्थ्यकर्मियों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाने के लिए सख्त निर्देश दिये गये हैं। गर्भवती महिलाओं की जांच में लापरवाही पर डीएम सख्त, एएनएम-सीएचओ से स्पष्टीकरण तलब किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!